चंद्रपुर में 4 वर्षीय मासूम भटकता मिला, युवक की सतर्कता से परिवार से मिलाया गया
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- २७ नवंबर २०२५
पूरी खबर:-चंद्रपुर,श्यामनगर निवासी 4 वर्षीय कुमार राजवीर गणेश केरवते घर से भटककर दूर निकल गया था। मासूम बच्चे को बंगाली कैंप इलाके में अकेला घूमते हुए देखकर तुकुम के निवासी अभिषेक गजानन दोइफोडे ने तुरंत गंभीरता दिखाते हुए 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी। साथ ही अपने परिचितों को भी खबर देकर बच्चे के परिवार का पता लगाने में सक्रिय सहयोग किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे से बातचीत कर उसका नाम व पता हासिल किया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने कुमार राजवीर के माता-पिता से संपर्क साधा और कुछ ही देर में बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
अभिषेक गजानन दोइफोडे की जागरूकता और मानवता ने एक मासूम की जिंदगी में बड़ा संकट टलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी त्वरित सूचना के कारण खोया हुआ बच्चा बहुत कम समय में अपने घरवालों से मिल गया।
पुलिस विभाग ने भी अभिषेक की सजगता की सराहना की है और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या जरूरतमंद की मदद के लिए तत्काल 112 नंबर पर सूचना दें। ऐसी सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता से ही समाज अधिक सुरक्षित बन सकता है।


