रक्तदान शिविर, योग प्रदर्शन और महाआरती के साथ “देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह” का उत्साहपूर्वक शुभारंभ
आगामी नौ दिनों तक चलेंगे धार्मिक, सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम – विधायक किशोर जोरगेवार
चंद्रपुर।
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विधायक किशोर जोरगेवार के मार्गदर्शन में शुरू हुए “देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह” का शुभारंभ ९ रक्तदान शिविरों, योग प्रात्यक्षिकों, महाआरती और वृक्षारोपण कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया। यह सेवा सप्ताह 20 जुलाई से 29 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें धार्मिक, शैक्षणिक, सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों की श्रृंखला शामिल है।
आज के दिन पंजाबी सेवा समिति, कृष्णा नगर समाज मंदिर, बंगाली कैंप, पंचशील चौक, घुग्घूस माता मंदिर, श्यामनगर, नूतन व्यायामशाला, महिला पतंजलि योग समिति, और भवानजीबाई हाईस्कूल में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक रक्तदाताओं ने सहभागिता की।
वहीं तुकूम लॉ कॉलेज में योग और नृत्य शिविर, मोरवा में वृक्षारोपण और बायपास मार्ग स्थित अष्टभुजा मंदिर व महाकाली वार्ड के दुर्गा मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया।
अनेक कार्यक्रमों का उद्घाटन स्वयं विधायक किशोर जोरगेवार के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा:
> “राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस जी के कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा की भावना से इस जनकल्याण सेवा सप्ताह की शुरुआत की गई है। केवल योजनाएं काफी नहीं होतीं, उनके सफल क्रियान्वयन के लिए समर्पित मन, सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा भाव आवश्यक होता है। रक्तदान, योग, वृक्षारोपण और आरती जैसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और चेतना का संचार हो रहा है।”
विधायक जोरगेवार ने आगे कहा कि रक्त का एक कतरा किसी की जान बचा सकता है, योग शिविर से स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ती है, वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिलता है और महाआरती से हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का गौरव बढ़ता है।
इन सभी कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रमों की सफलता के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने विशेष मेहनत की।


