Friday, June 5, 2026
HomeBreaking newsभीषण गर्मी में कूलर बना मौत का कारण, करंट लगने से पिता-पुत्र...

भीषण गर्मी में कूलर बना मौत का कारण, करंट लगने से पिता-पुत्र की मौके पर मौत

भीषण गर्मी में कूलर बना मौत का कारण, करंट लगने से पिता-पुत्र की मौके पर मौत

चंद्रपुर महाराष्ट्र 

रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत 

दिनांक:- २८ मई २०२६

पूरी खबर :- महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। भीषण गर्मी से राहत देने वाला कूलर ही एक परिवार के लिए मौत का कारण बन गया। इंदिरानगर इलाके में चल रहे कूलर में पानी डालते समय करंट लगने से पिता और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान वामन मांडवे और उनके बेटे राहुल मांडवे के रूप में हुई है। दोनों इंदिरानगर रेलवे पटरी के पास रहते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वामन मांडवे घर में चल रहे कूलर में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक कूलर में करंट उतर आया और उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही नीचे गिर पड़े।
अपने पिता को गिरता देख बेटा राहुल घबराकर उनकी तरफ दौड़ा। वह अपने पिता को बचाने की कोशिश कर ही रहा था कि उसका भी बिजली से संपर्क हो गया। कुछ ही सेकंड में राहुल भी करंट की चपेट में आ गया और दोनों जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इंदिरानगर इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से पूरे मांडवे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गौरतलब है कि चंद्रपुर जिले में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। लोग राहत पाने के लिए कूलर, एसी और अन्य बिजली उपकरणों का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन यह हादसा एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी विद्युत उपकरण में बिजली चालू रहने के दौरान पानी डालना या मरम्मत करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

इस हृदय विदारक घटना के बाद शहर में शोक की लहर है और लोग बिजली उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर फिर से गंभीर चर्चा कर रहे हैं।

संपादक

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular