पैसों के लिए अपने ही दो बच्चों को बेचा, तीसरे नवजात की बिक्री से पहले खुला सनसनीखेज मामला
चंद्रपुर/नागपुर
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- ०४ जून २०२६
पूरी खबर:-पैसों के लालच में एक महिला द्वारा अपने ही दो बच्चों को बेचने और तीसरे नवजात शिशु को बेचने की तैयारी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में चंद्रपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय फुलझेले को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मामले में दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर बच्चों को खरीदने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसकी पहचान अजय फुलझेले से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। महिला की 15 वर्षीय नाबालिग बेटी भी उनके साथ रहती थी। आरोप है कि अजय फुलझेले ने नाबालिग लड़की का शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद लड़की को नागपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन को गुमराह करने के लिए लड़की की उम्र 20 वर्ष बताई गई और दस्तावेज बाढ़ में बह जाने की कहानी सुनाई गई। हालांकि मेडिकल जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
अजनी पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला चंद्रपुर पुलिस को भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने जब लड़की की मां से पूछताछ की तो चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। पुलिस के अनुसार महिला इससे पहले अपने दो बच्चों को लगभग दो-दो लाख रुपये में बेच चुकी थी। एक बच्चा तेलंगाना में तथा दूसरा स्थानीय स्तर पर बेचा गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग लड़की के यहां जन्मे नवजात शिशु को भी बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने मानव तस्करी से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बच्चों को खरीदने के आरोप में एक महिला को तेलंगाना के कागजनगर से तथा दूसरी महिला को चंद्रपुर से गिरफ्तार किया।
मामले का मुख्य आरोपी अजय फुलझेले 27 मई से फरार था। पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के निर्देश पर उसकी तलाश लगातार जारी थी। आखिरकार रामनगर पुलिस ने 3 जून को जलनगर क्षेत्र से अजय फुलझेले को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कंजर मोहल्ला स्थित एक घर में किराए पर रह रहा था।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। मानव तस्करी, नाबालिग से जुड़े अपराध तथा नवजात शिशुओं की कथित बिक्री के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।


