इंदिरानगर परिसर में बढ़ती चोरी की वारदातें, रात्रि गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- ३ फरवरी २०२६
पूरी खबर:-चंद्रपुर शहर के रामनगर पुलिस स्टेशन अंतर्गत इंदिरानगर परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल बन गया है। बीते कुछ दिनों में घरफोड़ चोरी की कई गंभीर वारदातें सामने आई हैं, जिनमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इंदिरानगर, पंचशील चौक निवासी मंगेश तिरुड़े 24 जनवरी को नागपुर गए थे। 29 जनवरी को जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा और बेडरूम का कापट टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोरों ने उनके घर से लगभग 1 लाख 22 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसी तरह उनके पड़ोसी श्याम पुंडे के घर से भी करीब 22 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना सामने आई है। दोनों घटनाओं में कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 33 हजार रुपये की चोरी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इंदिरानगर परिसर में मध्यरात्रि के बाद असामाजिक तत्वों की आवाजाही काफी बढ़ गई है और पुलिस की रात्रि गश्त बेहद कम दिखाई देती है। इसी कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इस संबंध में क्षेत्र के विधायक किशोर जोरगेवार ने पुलिस अधीक्षक, चंद्रपुर को पत्र लिखकर इंदिरानगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की त्वरित जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश देने, परिसर में रात्रि गश्त प्रभावी रूप से बढ़ाने तथा मुख्य सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत सख्त कदम उठाए जाएं, अन्यथा चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


