सहारनपुर में फाइनेंस पर iPhone खरीद घोटाला, सैकड़ों युवक थाने पहुंचे
सहारनपुर में नेहरू मार्केट स्थित गीतांजलि गारमेंट्स दुकान पर फाइनेंस के नाम पर iPhone बेचने में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार सैकड़ों युवकों ने आरोप लगाया है कि दुकान मालिक ने नया बताकर पुराने या रीफ़र्बिश्ड iPhone थमा दिए। कुछ समय बाद सभी फोन बंद हो गए, जिसके बाद उन्हें दोबारा चालू कराने के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे गए।
युवकों का कहना है कि दुकान ने फाइनेंस और आसान किस्तों के नाम पर भरोसा दिलाकर फोन दिए, लेकिन कुछ दिनों के भीतर 50 से 100 लोगों के फोन एक साथ बंद हो गए। फोन बंद होते ही EMI कटनी बंद हो गई और रिबूट कराने के नाम पर मोटी रकम मांगी गई। धोखाधड़ी का शक होने पर सभी युवक थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर पुलिस ने संबंधित दुकान मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले में जांच के बाद दोषियों पर सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों का कहना है कि कई युवकों के ATM कार्ड और दस्तावेज भी दुकान पर जमा कराए गए थे, जिससे आर्थिक धोखाधड़ी की आशंका और गहरी हो गई है। पीड़ित इससे पहले भी दुकान से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
मामला बढ़ने के बाद व्यापारियों और शहरवासियों में भी नाराज़गी देखने को मिली है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार की फाइनेंस धोखाधड़ी करने वाले कारोबारियों पर सख़्त कार्रवाई कर लोगों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित किया जाए।


