महाराष्ट्र के मेलघाट में कुपोषण से 65 बच्चों की मौत, बॉम्बे हाईकोर्ट ने जताई गंभीर चिंता
महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- १३ नवंबर २०२५
पूरी खबर:-महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल मेलघाट क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। पिछले छह महीनों में कुपोषण के कारण 65 बच्चों की मौत दर्ज की गई है। जून 2025 से लेकर अब तक हुई इन मौतों ने न सिर्फ प्रशासन बल्कि अदालतों को भी झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मेलघाट के कई गाँवों में लगातार बच्चों में कुपोषण के मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, पौष्टिक आहार की अनुपलब्धता और बारिश के मौसम में संपर्क मार्ग टूटने के कारण कई बच्चे समय पर इलाज नहीं पा सके।
इस गंभीर स्थिति पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है और कहा है कि इतने वर्षों से मेलघाट में कुपोषण की समस्या बनी हुई है, इसके बावजूद ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए। कोर्ट ने कहा कि “राज्य का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करे।”
वहीं, सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना पर आक्रोश जताते हुए मांग की है कि मेलघाट और अन्य आदिवासी इलाकों में तात्कालिक चिकित्सा शिविर लगाए जाएं और गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए पोषण कार्यक्रमों को मजबूत किया जाए।
राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और कुपोषण से निपटने के लिए आपात कार्रवाई की बात कही है।


