चंद्रपुर में बड़ी वारदात टली, गोल बाजार में हथियारों के साथ घूम रहे दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- ६ मई २०२६
पूरी खबर:-चंद्रपुर शहर में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही टल गई। दहशत फैलाने और संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की मंशा से गोल बाजार क्षेत्र में घूम रहे दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंद्रपुर शहर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रहेमत नगर निवासी दो युवक बिना नंबर प्लेट की मोपेड पर सवार होकर गोल बाजार इलाके में तलवार और चाकू लेकर संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस निरीक्षक निशिकांत रामटेके के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सोनवणे और डीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने गांधी चौक गोल बाजार क्षेत्र में सख्त नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने अपनी पहचान अमन खान अहमद खान उम्र 24 वर्ष और सैयद अबु तबरेज सैयद शकील उम्र 21 वर्ष निवासी रहेमत नगर चंद्रपुर के रूप में बताई। जब पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई तो मोपेड की डिक्की से एक धारदार तलवार और एक चाकू बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा बरामद तलवार की लंबाई लगभग 23 इंच पाई गई जबकि चाकू की लंबाई करीब 10 इंच है। दोनों हथियार काफी धारदार पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये हथियार उनके ही हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज हैं और शहर में दहशत फैलाने की मंशा से घूम रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तलवार, एक चाकू और बिना नंबर प्लेट की एक्सेस मोपेड सहित कुल लगभग 40 हजार 800 रुपये का माल जप्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस निरीक्षक निशिकांत रामटेके के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सोनवणे, उपनिरीक्षक दत्तात्रय कोलटे, विलास निकोडे तथा डीबी पथक के अन्य कर्मियों ने मिलकर इस ऑपरेशन को सफल बनाया।
चंद्रपुर पुलिस की इस सक्रियता से एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया है और शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।


