पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, जिला परिषद शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- ०४ मई २०२६
पूरी खबर:-चंद्रपुर जिले के भद्रावती थाना क्षेत्र में सामने आए एक संदिग्ध मौत के मामले ने पुलिस जांच में चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। हनुमान मंदिर के पास मिले एक व्यक्ति के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने खुलासा किया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसे मृतक की पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिलवाया।
2 मई 2026 की सुबह घोडपेठ इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शव की हालत बेहद संदिग्ध थी — गले में प्लास्टिक की थैली और उस पर कसकर बंधा सफेद दुपट्टा, साथ ही बाहर निकली जीभ ने साफ संकेत दिया कि यह हत्या का मामला हो सकता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान रविंद्र तुळशीराम कुळमेथे (46) के रूप में हुई, जो गडचिरोली जिले के निवासी और जिला परिषद स्कूल में शिक्षक थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने जांच की दिशा बदली और मृतक की पत्नी दीपमाला कुळमेथे से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस के अनुसार, पति से कथित तौर पर परेशान दीपमाला ने अपनी परिचित वर्षा परचाके के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। नागपुर में इलाज के दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी, जहां दीपमाला ने अपनी पारिवारिक समस्याएं साझा की थीं। इसी दौरान वर्षा ने उसे हत्या का रास्ता सुझाया।
इसके बाद योजना को अंजाम देने के लिए सोनू उर्फ प्रविण कालोकर और नाजीर अंसारी को शामिल किया गया। करीब एक लाख रुपये में “काम” करने की डील तय हुई। दीपमाला ने अपने पति की फोटो और पूरी जानकारी आरोपियों को दी।
पूर्व योजना के तहत 29 अप्रैल को दीपमाला ने अपने पति को दिघोरी में रिश्तेदारी के एक शादी समारोह में बुलाया। अगले दिन, 30 अप्रैल की सुबह, बस स्टैंड के पास आरोपियों ने कार में उसे बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। 1 मई को आरोपियों ने दीपमाला को फोन कर “काम पूरा होने” की सूचना दी।
कॉल डिटेल्स, घटनास्थल के साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया। भद्रावती पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपमाला कुळमेथे और वर्षा परचाके को वरोरा से, जबकि सोनू उर्फ प्रविण कालोकर और नाजीर अंसारी को नागपुर से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े और एसडीपीओ दिनकर ठोबरे के मार्गदर्शन में की गई। भद्रावती थाना और स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने मिलकर इस जघन्य हत्या का खुलासा कर जिले में सनसनी फैला दी है।


