Wednesday, April 15, 2026
HomeBreaking newsआंबेडकर जयंती रैली में हिंसा, युवक की हत्या से शहर में तनाव

आंबेडकर जयंती रैली में हिंसा, युवक की हत्या से शहर में तनाव

आंबेडकर जयंती रैली में हिंसा, युवक की हत्या से शहर में तनाव

चंद्रपुर महाराष्ट्र

रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत

दिनांक:- १५ अप्रैल २०२६

पूरी खबर:-चंद्रपुर शहर में शांति, समानता और बंधुत्व का संदेश देने वाली डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती इस वर्ष हिंसा की घटना से दागदार हो गई। आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई रैली के दौरान डीजे पर नाचते समय हुई मामूली धक्का-मुक्की ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान रविकांत टेंभूरकर उम्र 33 वर्ष निवासी इंदिरा नगर के रूप में हुई है। वहीं इस घटना में अनिकेत गलबले नामक युवक घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर स्थित भीमरतन बहुउद्देशीय युवा संस्था की ओर से गांधी चौक से आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में भव्य रैली निकाली गई थी। रैली जब शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही थी, तब डीजे की धुन पर युवक उत्साह के साथ नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे विवाद शुरू हो गया।
शुरुआत में मामूली दिखने वाला विवाद कुछ ही देर में गंभीर झगड़े में बदल गया। स्थिति को शांत कराने के लिए आगे आए रविकांत टेंभूरकर पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस हमले में अनिकेत गलबले भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रेहांत पठाण उम्र 19 वर्ष, शेख जिशान उम्र 22 वर्ष, चेतन सोनवणे उम्र 31 वर्ष, बादल भैसरे उम्र 19 वर्ष और यासील शेख उम्र 32 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
घटना के बाद आंबेडकर प्रतिमा परिसर सहित शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कड़ा बंदोबस्त किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
हर वर्ष शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्वक मनाई जाने वाली आंबेडकर जयंती इस बार हिंसा के कारण चर्चा में रही है, जिससे नागरिकों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस घटना को शहर के सामाजिक सौहार्द पर चोट के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

संपादक

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular