चंद्रपुर में नाबालिग लड़कियों के लापता होने की बढ़ती घटनाएँ, 15 दिनों में 3 के बाद अब 10वीं की छात्रा भी गायब, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- १६ मार्च २०२६
पूरी खबर:-चंद्रपुर जिले में नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने की घटनाओं ने अभिभावकों और समाज में गंभीर चिंता पैदा कर दी है। ब्रह्मपुरी तालुका क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के भीतर तीन नाबालिग लड़कियों के गायब होने की घटनाएँ सामने आई थीं, और अब 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक और छात्रा के अचानक लापता हो जाने से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय छात्रा 14 मार्च की सुबह घर पर पढ़ाई कर रही थी। उस समय उसके पिता काम पर गए हुए थे, जबकि घर में उसकी मां और दूसरी बहन मौजूद थीं। दोपहर लगभग 2 बजे जब परिवार वालों ने देखा तो छात्रा घर पर नहीं थी। इसके बाद परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
परिजनों के अनुसार छात्रा के पास जो मोबाइल फोन था, वह भी बंद मिला। बताया जा रहा है कि लड़की ने अपने पिता को फोन कर यह कहा था कि वह बाहर जा रही है, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिवार वालों ने तुरंत गडचांदूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से चंद्रपुर जिले में अभिभावकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और लापता छात्रा को सुरक्षित बरामद किया जाए।
यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो ऐसी घटनाएँ और बढ़ सकती हैं, जिससे समाज में असुरक्षा और भय का वातावरण गहरा सकता है। इसलिए नागरिकों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


