Sunday, June 7, 2026
HomeBreaking newsनारियल पानी की आड़ में नशे का काला कारोबार काटोल में बड़ी...

नारियल पानी की आड़ में नशे का काला कारोबार काटोल में बड़ी कार्रवाई, भाजयुमो ग्रामीण अध्यक्ष सहित छह गिरफ्तार

नारियल पानी की आड़ में नशे का काला कारोबार
काटोल में बड़ी कार्रवाई, भाजयुमो ग्रामीण अध्यक्ष सहित छह गिरफ्तार

नागपुर। ग्रामीण इलाकों में बढ़ती गांजा तस्करी के बीच काटोल पुलिस और मादक पदार्थ विरोधी दल (NDPS सेल) ने मंगलवार तड़के संयुक्त कार्रवाई कर नशे के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया। तस्करी के लिए जिस तरीके का इस्तेमाल किया जा रहा था, उसने पुलिस को भी चौंका दिया—गांजा की सप्लाई नारियल पानी की आड़ में की जा रही थी।

कार्रवाई में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) काटोल ग्रामीण के अध्यक्ष वैभव दिलीप काले सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33.6 किलो गांजा सहित कुल 17 लाख 17 हजार रुपए का माल जब्त किया। जब्त किए गए गांजे की कीमत 6 लाख 72 हजार रुपए आंकी गई है।

थाना प्रभारी रंजीत शिरसाठ ने बताया कि मुख्य आरोपी समीर विजय राऊत नारियल पानी बेचने का काम करता है। इसी धंधे का इस्तेमाल वह गांजा सप्लाई के लिए कर रहा था। आरोप है कि उसने काटोल शहर के चांदक लेआउट में किराए पर लिए गए कमरे में गांजा स्टॉक कर रखा था और वहीं से इसे आगे बेचता था।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर विजय राऊत (24), छगन प्रीतम चरपे (23), सूरज बाबराव सुपटकर (25) — तीनों नरखेड़ तहसील के दातेवाड़ी निवासी हैं। वहीं विशाल देवीदास सेंबेकर (23), सचिन भागवत झोड़ (22) और वैभव दिलीप काले (28) — ये डोरली भांडवलकर, तह. काटोल के निवासी हैं। समीर पाचपोर और समीर गज्जू नामक आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

एनडीपीएस सेल और स्थानीय पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कमरे में बड़ी मात्रा में गांजा रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में नारियल पानी जैसे साधारण दिखने वाले कारोबार की आड़ में चल रहे इस नशे के धंधे ने तस्करों की नई रणनीतियों को उजागर किया है। आगे और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

संपादक

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular