1050 पुलिस अधिकारियों को नोटिस, फर्जी निवेश और करचोरी के आरोप में मचा हड़कंप
बुलढाणा में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई — 1050 पुलिस अधिकारियों को नोटिस, फर्जी निवेश और करचोरी के आरोप में मचा हड़कंप
बुलढाणा/ महाराष्ट्र
दिनांक:- १० नवंबर २०२५
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
पूरी खबर:- बुलढाणा जिले में आयकर विभाग द्वारा की गई एक बड़ी कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग ने जिले के करीब 1050 पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। इन अधिकारियों पर फर्जी निवेश और कटौतियाँ दिखाकर करचोरी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विभाग ने पिछले तीन से चार वर्षों के आयकर विवरण (ITR) की जांच के बाद ये नोटिस भेजे हैं। जांच में पाया गया कि कई अधिकारियों ने धारा 80C के अंतर्गत फर्जी निवेश और गृह ऋण ब्याज छूट दिखाकर कर में राहत ली थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि सभी अधिकारियों के रिटर्न एक ही चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा दाखिल किए गए थे, जिससे संगठित मिलीभगत का संदेह गहराया है। कई मामलों में न तो वास्तविक बीमा, पीपीएफ, म्यूचुअल फंड या गृह ऋण का कोई प्रमाण मिला, फिर भी बड़े पैमाने पर कटौतियाँ दिखाई गईं।
इस पूरे प्रकरण के बाद बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने आयकर रिटर्न की तत्काल जांच और समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे ने स्पष्ट कहा है कि जिन अधिकारियों के रिटर्न में गड़बड़ी पाई जाएगी, उन्हें 10 नवंबर तक संशोधित रिटर्न दाखिल करना होगा। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि आयकर विभाग किसी पर दंडात्मक कार्रवाई या केस दर्ज करता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधिकारी की होगी।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी नोटिस भेजी है, जिससे पूरे विभाग में हलचल तेज हो गई है।


