लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका, कार में लगी आग – दिल्ली में हाई अलर्ट जारी
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- १० नवंबर २०२५
पूरी खबर:-दिल्ली में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास अचानक एक कार में धमाका हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। विस्फोट के तुरंत बाद कार में आग लग गई और धुआं का गुबार चारों ओर फैल गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कुल 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनज़र लाल किला मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और आसपास के इलाकों में लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल, पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच एजेंसियों की टीमें घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं। धमाके के बाद पूरे दिल्ली क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा बलों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
Read Public News की टीम इस घटना पर लगातार नज़र बनाए हुए है और जैसे ही पुलिस या जांच एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी, पाठकों को तुरंत अवगत कराया जाएगा।


