2055 छात्राओं को साइकिल वितरण, 55 पारंपरिक गुरुओं का सम्मान
चंद्रपुर में आमदार किशोर जोरगेवार की पहल पर देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह का समापन भव्य समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर 8वीं से 10वीं कक्षा की 2055 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, वहीं विभिन्न क्षेत्रों के 55 पारंपरिक गुरुओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल, जिलाधिकारी पुलकित सिंह, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि व कई गणमान्य उपस्थित रहे। आमदार जोरगेवार ने बताया कि कुल 10,000 साइकिलें देने का लक्ष्य है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और सोशल मीडिया से दूर रहकर ज्ञान की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
सेवा सप्ताह के दौरान 400 से अधिक उपक्रमों का आयोजन हुआ, जिनमें 55 रक्तदान शिविरों में 3000 से अधिक रक्तदाताओं ने हिस्सा लिया। साथ ही योग, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, अम्मा की पढ़ाई, संस्कार केंद्र, कावड़ यात्रा जैसे विविध उपक्रम शामिल रहे।
समापन पर सम्मानित गुरुओं में वकील, डॉक्टर, योगगुरु, कलागुरु, प्रशिक्षक, शिक्षक व अन्य समाजसेवक शामिल थे। आमदार जोरगेवार ने कहा कि समाज की असली प्रगति संस्कार और मार्गदर्शन से होती है, यही सच्चा जनकल्याण है।


