अमृता फडणवीस के हस्ते ५५ नदियों के पवित्र जल और १ लाख ५५ हजार बेलपत्र अर्पित कर राज्य के सबसे बड़े शिवलिंग का जलाभिषेक
देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजन, विधायक किशोर जोरगेवार की पहल
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत मिडिया नेटवर्क
पूरी खबर:- चंद्रपुर, 28 जुलाई 2025 – देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह के अवसर पर विधायक किशोर जोरगेवार की पहल पर श्रावण मास के पहले सोमवार को एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के सबसे बड़े प्राचीन शिवलिंग का जलाभिषेक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के पवित्र हस्तों से किया गया। इस अवसर पर ५५ नदियों का पवित्र जल और १ लाख ५५ हजार बेलपत्र शिवलिंग पर अर्पित किए गए। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधायक किशोर जोरगेवार, उनकी पत्नी कल्याणी जोरगेवार एवं पूर्व मंत्री शोभा फडणवीस उपस्थित थीं। अमृता फडणवीस ने इस जागृत देवस्थान की अनुभूति प्राप्त होने की बात कही और मंदिर के सौंदर्य व महत्त्व पर प्रकाश डाला।
देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह के अंतर्गत अब तक ३५५ से अधिक सेवा उपक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में भिवापूर वार्ड स्थित राज्य के सबसे बड़े शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें राज्य के भीतर और बाहर से प्रतिष्ठित पंडितों को आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के लिए अमृता फडणवीस आज शाम चार बजे चंद्रपुर पहुंचीं। कावड़ लेकर उन्होंने शिवलिंग तक प्रवेश किया और पूरे श्रद्धाभाव से ५५ नदियों के जल एवं बेलपत्र से जलाभिषेक कर आरती की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “चंद्रपुर एक सुंदर और सांस्कृतिक नगरी है। इस मंदिर का विकास होना चाहिए। मैं वर्ष में कम से कम दो बार चंद्रपुर आऊंगी।” उन्होंने महामृत्युंजय मंत्र का पाठ भी किया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन पर आयोजित विभिन्न सामाजिक उपक्रमों की सराहना की।
सायकल वितरण और चित्रप्रदर्शनी का अवलोकन सेवा सप्ताह के अंतर्गत २०५५ छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा रही हैं। इस उपक्रम का शुभारंभ आज अमृता फडणवीस ने किया। ‘राजमाता निवासस्थान’ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ५५ छात्राओं को साइकिल प्रदान कर इस उपक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान छत्रपती शिवाजी महाराज चौक पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का निरीक्षण भी उन्होंने किया।


