रघुवीर अहीर के जन्मदिन पर एस्टर अकादमी स्कूल में विद्यार्थियों को शैक्षणिक साहित्य का वितरण
चंद्रपुर। भाजपा युवा मोर्चा महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष रघुवीर हंसराज अहीर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 8 दिसंबर 2025 को रायातवारी कॉलरी स्थित एस्टर अकादमी स्कूल में शैक्षणिक साहित्य वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल के लगभग 150 से 170 विद्यार्थियों को रजिस्टर, नोटबुक और पेन वितरित किए गए। बच्चों में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के मुख्य संचालक दुर्गेश कोंडागुरले के स्वागत से हुई। विद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षा के लिए उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की गई। इसके बाद रघुवीर अहीर के जन्मदिन का केक काटा गया और सभी विद्यार्थियों में वितरित किया गया। बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच इस आनंदपूर्ण क्षण का स्वागत किया।
साहित्य वितरण के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के महत्व और शिक्षा से मिलने वाले अवसरों के बारे में प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे उपक्रम आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा साबित होते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।
इस अवसर पर बंगाली कैंप मंडल प्रभारी दिनकर सोमलकर, विशेष कार्यकारी अधिकारी अनिता रामजी हरणे, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्कूल का पूरा शिक्षक स्टाफ मौजूद था। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए साहित्य वितरण में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा ओबीसी मोर्चा के महामंत्री रामजी हरणे ने किया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन, उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ


