गोलगप्पा खाते-खाते महिला का जबड़ा खिसका
औरैया में अनोखी घटना, डॉक्टर भी हैरान
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां गोलगप्पे खाने गई एक महिला का जबड़ा अचानक खिसक गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला का मुंह खुला का खुला रह गया और वह दर्द से चीखने लगी।
परिजन उसे तुरंत संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन जबड़ा अपनी जगह नहीं आया। मामले की गंभीरता देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि जबड़ा डिस्लोकेट होना दुर्लभ घटना है, लेकिन मुंह अत्यधिक खोलने या अचानक दबाव पड़ने से ऐसा हो सकता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है।


