“रयतवारी कॉलरी हादसा: ठेकेदार की लापरवाही से पानी की टैंकर पलटा बाल-बाल बचे नागरिक – लाइसेंस रद्द करने की मांग तेज़”
रिपोर्टर:- नरसिंग बी बोल्लम रिड पब्लिक न्यूज 24 भारत मिडिया नेटवर्क
दिनांक:- 25 अगस्त 2025
चंद्रपुर ज़िले के रयतवारी कॉलरी क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पीछे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यहां एक ठेकेदार की लापरवाही के कारण भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। गाड़ी के पलटने के समय पास में कई नागरिक मौजूद थे। गनीमत यह रही कि उस समय कोई व्यक्ति वाहन की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक और कंडक्टर ने हादसा होते ही तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। चालक का पैर गंभीर रूप से घायल होते-होते बच गया, जबकि दोनों की जान सकुशल बच निकलना एक चमत्कार से कम नहीं कहा जा रहा। घटना के दौरान आग लगने की भी आशंका बनी हुई थी, जिससे आसपास का इलाका दहशत में आ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहीं पर रोज़ाना बच्चे खेलते हैं। यदि घटना के समय बच्चे मौजूद होते तो स्थिति भयावह हो सकती थी। नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार सिर्फ मुनाफे के लालच में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
नाराज़ नागरिकों ने यह भी कहा कि प्रशासन को घटना की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। एम्बुलेंस तक को समय पर सूचना नहीं दी गई। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।
लोगों ने मांग की है कि इस मामले में ठेकेदार का लाइसेंस रद्द किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।