महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा के लापता होने का दावा, पति फरमान का वीडियो वायरल, मां ने लगाया अपहरण का आरोप
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:-१३ अप्रैल २०२६
पूरी खबर:-महाकुंभ से वायरल हुई युवती मोनालिसा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई हैं। अपने मुस्लिम प्रेमी फरमान के साथ शादी के बाद सुर्खियों में रहने वाली मोनालिसा को लेकर अब एक नया विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फरमान दावा करता दिखाई दे रहा है कि मोनालिसा उसे छोड़कर भाग गई है।
वायरल वीडियो में फरमान खुद को अजमेर पुष्कर क्षेत्र में बताते हुए कहता है कि मोनालिसा अचानक लापता हो गई है और वह उसे ढूंढने के लिए अलग-अलग जगहों पर जा रहा है। वह वीडियो में कहता है कि अजमेर में काफी तलाश के बाद भी मोनालिसा का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद वह जोधपुर जाने की बात करता है। साथ ही उसने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को मोनालिसा के बारे में कोई जानकारी मिले तो उसे तुरंत सूचित करें।
इस मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मोनालिसा की मां सामने आईं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी खुद से कहीं नहीं गई है, बल्कि फरमान ने ही उसे गायब किया है। मां का कहना है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब का है और इसमें किए गए दावे कितने सही हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इस खबर ने लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


