संभल के आटा गांव में बंदरों की रहस्यमयी मौतें, 24 की मौत; ग्रामीणों ने जांच टीम भेजने की मांग की
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के आटा गांव में पिछले 20–25 दिनों से बंदरों की रहस्यमयी मौतों ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। अब तक 24 बंदरों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से अधिक बंदर और उनके बच्चे गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कई बंदर पिछले दिनों नशे जैसी हालत में इधर-उधर बैठे मिले, जिन्हें कुछ खिलाकर ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन दो से तीन दिनों के भीतर उनकी मौत हो गई।
देवी मंदिर के आसपास और गांव के कई अन्य स्थानों पर बंदरों के शव मिलने से लोगों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने मृत बंदरों को दफना दिया है, वहीं कई मृत बंदर जंगल में भी पाए गए। शनिवार सुबह एक बंदर का बच्चा बेहोश मिला, जिसे घर लाकर स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया। डॉक्टर के अनुसार उसे तेज बुखार था और वह खाना-पीना नहीं पा रहा था। हालांकि दोपहर बाद उसकी हालत में कुछ सुधार देखा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि संभव है किसी ने बंदरों को कुछ खिलाया हो या यह भी हो सकता है कि बीमार बंदरों को बाहर से लाकर यहां छोड़ दिया गया हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत मेडिकल टीम भेजकर बीमारी या अन्य कारणों की जांच कराई जाए, ताकि मौतों का ये सिलसिला रुक सके।
#Monkey


