चंद्रपुर में वरोरा भाजपा उम्मीदवार अनिकेत नाकोडे पर चाकू से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
वरोरा (चंद्रपुर)। नगर परिषद चुनाव प्रचार के दौरान 26 नवंबर की शाम भाजपा उम्मीदवार अनिकेत धनराज नाकोडे पर चाकू से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। हमले के तुरंत बाद वरोरा पुलिस ने तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर 27 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत (MCR) में भेज दिया गया।
प्रभाग क्रमांक 5 के भाजपा उम्मीदवार और पेशे से ठेकेदार अनिकेत नाकोडे (33) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। रिपोर्ट के अनुसार वे अपने समर्थकों के साथ दत्त मंदिर वार्ड में महादेव मंदिर के पास घर-घर प्रचार कर रहे थे। उसी दौरान शुभम टोरे, अमोल मडावी और गोलू मडावी वहां पहुंचे और शुभम टोरे ने उम्मीदवार को अपशब्द कहते हुए विवाद शुरू किया।
थोड़ी ही देर में शुभम टोरे ने पीछे से आकर नाकोडे के सिर पर मुक्का मार दिया, जिससे वे नीचे गिर गए। इसके बाद अमोल मडावी और गोलू मडावी ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शुभम ने चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद एक महिला द्वारा खींच लिए जाने से नाकोडे बाल-बाल बच गए। हमलावरों ने धमकी देते हुए बेरहमी से पीटना जारी रखा, जिससे नाकोडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अनिकेत नाकोडे को तत्काल उपजिला अस्पताल वरोरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों—शुभम टोरे, अमोल मडावी और गोलू मडावी—को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच वरोरा पुलिस कर रही है।


