एलॉन मस्क के X प्लेटफ़ॉर्म का नया ट्रांसपैरेंसी टूल, अब पता चलेगा अकाउंट कहां से ऑपरेट होता है
एलॉन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X ने उपयोगकर्ताओं के बारे में अधिक पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नया फीचर जारी किया है. यह फीचर किसी भी अकाउंट का विस्तृत विवरण दिखाता है, जिसमें शामिल है कि यूज़रनेम कितनी बार बदला गया है और वह अकाउंट किस स्थान से ऑपरेट हो रहा है. इसके ज़रिये यूज़र प्रोफ़ाइल की वास्तविकता जांचना पहले से कहीं आसान हो जाएगा.
X का यह ट्रांसपैरेंसी टूल सार्वजनिक चर्चाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उदाहरण के तौर पर, यदि भारत में किसी राष्ट्रीय मुद्दे पर पोस्ट हो रहा है तो यह फीचर बताएगा कि वह अकाउंट भारत से संचालित है या किसी दूसरे देश, जैसे पाकिस्तान, से कोई व्यक्ति भारत के मुद्दों पर दखल दे रहा है. इससे भ्रामक जानकारी या बाहरी प्रभावों की पहचान करना आसान होगा.
सोशल मीडिया पर बढ़ते फेक अकाउंट्स और विदेशी दखल को देखते हुए इस फीचर को सुरक्षा और पारदर्शिता के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है. X का कहना है कि इससे उपयोगकर्ताओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय डिजिटल माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.


