ब्रह्मपुरी में देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई — माय हेल्थ प्रो स्पा एंड वेलनेस सेंटर पर छापा, मिजोरम व नागालैंड की 3 महिलाओं की रिहाई
ब्रह्मपुरी में देह व्यापार के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने माय हेल्थ प्रो स्पा एंड वेलनेस सेंटर पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिनियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर विशेष टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी, जहाँ देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि हुई।
छापेमारी के दौरान मिजोरम और नागालैंड की तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनका कथित रूप से देह व्यापार के लिए उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि महिलाओं को परामर्श एवं कानूनी सहायता के लिए काउंसलिंग सेंटर भेज दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से कुल 18,060 रुपये मूल्य का सामान जप्त किया है। जिसमें दस्तावेज़, मोबाइल फोन, लेनदेन की पर्चियां, नकद रकम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल है।
पुलिस ने स्पा संचालक तथा संबंधित आरोपियों के खिलाफ अधिनियमानुसार अपराध दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ और लोग इस अवैध गतिविधि से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि शहर में देह व्यापार, मानव तस्करी या महिलाओं के शोषण जैसी गतिविधियों में शामिल किसी भी स्थान को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


