प्रदूषण प्रदर्शन का असली चेहरा: दिल्ली में पुलिस पर मिर्च स्प्रे से हमला, 15 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में प्रदूषण के नाम पर हो रहे प्रदर्शन सोमवार को अचानक हिंसक मोड़ ले लिया। इंडिया गेट पर विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर सीधे मिर्च (चिली) स्प्रे फेंककर हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने जानबूझकर पुलिसकर्मियों की आंखों को निशाना बनाया, जिससे घटना स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
दिल्ली पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और बताया है कि हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक घायल पुलिसकर्मी का इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा है। राजधानी में प्रदूषण विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों पर इस तरह का हमला पहली बार सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में भी चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और कानून-व्यवस्था भंग करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल बाकी लोगों की भी पहचान की जा रही है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतंत्र में विरोध की स्वतंत्रता है, मगर कानून पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजधानी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।


