सफेद रेत के काले कारोबार में चली गोली, सिवनी में तनाव बढ़ा
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में अवैध सफेद रेत खनन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बीती रात खनन क्षेत्र में गोली चलने की घटना सामने आई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि रेत के अवैध कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच विवाद बढ़ा और स्थिति अचानक बेकाबू हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली लगने से घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सफेद रेत के अवैध उत्खनन का खेल लंबे समय से चल रहा है लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद लगातार बढ़ते जा रहे हैं। घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी है।
प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और अवैध खनन के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज की जाएगी।


