सहारनपुर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
रात के सन्नाटे में गूंजी गोलियों की आवाज, गांव में फैली सनसनी
सहारनपुर | Read Public News Bharat
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- १० नवंबर २०२५
पूरी खबर:-उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष धर्मसिंह कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने गांव के एक घेर में खाट पर धर्मसिंह को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा, तो हड़कंप मच गया। मृतक के माथे पर गोली लगने का निशान स्पष्ट दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और देखते ही देखते भीड़ जुट गई।
यह घटना नकुड़ थाना क्षेत्र के टीडोली गांव की बताई जा रही है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर एसपी देहात सागर जैन, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और एसओजी की टीम पहुंच गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है — चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक कारण या स्थानीय विवाद का मामला हो।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि,
“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।”
गांव में अब भी तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Read Public News Bharat का संपादकीय मत:
राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तियों की हत्या लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रशासन को ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित करनी चाहिए।


