चंद्रपुर में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी, प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
रिपोर्टर:- नरसिंग बोल्लम आर पब्लिक न्यूज भारत मिडिया नेटवर्क
नागपुर स्थित प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, चंद्रपुर जिले में 6 से 8 जुलाई 2025 के बीच भारी से अति भारी वर्षा के साथ गर्जना, आंधी-तूफान तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस संभावित गंभीर मौसम परिवर्तन को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
जिलाधिकारी विनय गौड़ा जी. सी. के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन यंत्रणा को पूर्ण रूप से सक्रिय कर दिया गया है तथा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा नागरिकों से निम्नलिखित सावधानियों का पालन करने की अपील की गई है:
1. नदी, नालों, तालाबों के किनारे जाने से बचें।
2. बहते पानी या जलभराव वाले पुल पार करने से परहेज करें।
3. घर से बाहर निकलते समय मौसम की स्थिति की जानकारी लें।
4. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
5. झोपड़पट्टियों व कमजोर संरचनाओं में रहने वाले नागरिक सावधानी बरतें।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को हल्के में न लें। प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सजग रहे और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करे, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति से बचा जा सके।