कर्नाटकः मंगलुरु में बजरंग दल के पूर्व सदस्य की हत्या के बाद तनाव, VHP ने बुलाया ‘बंद’
रिपोर्टर:- नरसिंग बोल्लम आर पब्लिक न्यूज भारत मिडिया नेटवर्क
कर्नाटक के मंगलुरु में एक लंबे आपराधिक रिकॉर्ड वाले बजरंग दल के पूर्व सदस्य की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई. इस घटना से इलाके में तनाव पैदा हो गया, जिसके चलते पुलिस ने हिंदू संगठन वीएचपी द्वारा बुलाए गए ‘बंद’ के बीच सुरक्षा बढ़ा दी है.
कर्नाटक (Karnataka) के मंगलुरु में गुरुवार रात को बजरंग दल के पूर्व सदस्य सुहास शेट्टी पर अज्ञात लोगों ने हमला किया. सुहास शेट्टी का रिकॉर्ड भी आपराधिक था. वो साल 2022 में युवक मोहम्मद फाजिल (23) की हत्या का मुख्य आरोपी था. हमले के बाद एक प्राइवेट हॉस्पिटल में सुहास की मौत हो गई. शहर के बाहरी इलाके में एक गांव के पास हुई इस मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 1 मई को रात 8.27 बजे हुआ, जब शेट्टी पांच अन्य लोगों के साथ कार से कहीं जा रहे थे. कथित तौर पर उनकी गाड़ी को दो अन्य कारों ने रोक लिया, जिसमें से पांच से छह हमलावर निकले. इसके बाद शेट्टी पर घातक हथियारों से हमला किया गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए. इसके बाद उन्हें पास के एजे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई