कामगार चौक में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, चंद्रपुर शहर पुलिस की तुरंत कार्रवाई
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- कुणाल गर्गेलवार रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
दिनांक:- १६ जुलाई २०२६
पूरी खबर:-चंद्रपुर शहर के कामगार चौक क्षेत्र में खुलेआम धारदार हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक व्यक्ति को चंद्रपुर शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 15.5 इंच लंबा धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
16 जुलाई 2026 को चंद्रपुर शहर पुलिस का डी.बी. स्टाफ क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कामगार चौक में एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराते हुए जोर-जोर से चिल्ला रहा है और इलाके में भय का माहौल बना रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिवशंकर उर्फ भोला विजयपाल सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई। वह मूल रूप से अमौली, गुजेला, कानपुर नगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में कामगार चौक, लालपेठ कॉलरी, चंद्रपुर में रह रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई 15.5 इंच, ब्लेड की लंबाई 11 इंच तथा चौड़ाई 3 इंच पाई गई। बरामद हथियार की अनुमानित कीमत लगभग 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 4 एवं 25 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक निशिकांत रामटेके के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सोनवणे, उपनिरीक्षक दत्तात्रय कोलते, उपनिरीक्षक विलास निकोडे तथा डी.बी. स्टाफ की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई।


