भोपाल में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बापू की कुटिया रेस्टोरेंट पर तंदूर उपयोग को लेकर 10 हजार रुपये जुर्माना
भोपाल के बिट्टन मार्केट क्षेत्र में बुधवार को जोन-8 की नगर निगम टीम ने बापू की कुटिया रेस्टोरेंट पर जांच के दौरान तंदूर के अवैध उपयोग का मामला पाया। नियमों का उल्लंघन करने पर निगम ने रेस्टोरेंट प्रबंधन पर 10 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए रेस्टोरेंट, होटल और फूड आउटलेट्स में तंदूर सहित अन्य धुआँ फैलाने वाले उपकरणों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार खराब स्तर पर पहुंच रहा है, ऐसे में बिना अनुमति तंदूर चलाना पर्यावरणीय मानकों के खिलाफ है।
जोन-8 टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि वे निर्धारित नियमों और प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन करें। उल्लंघन की स्थिति में आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।


