मेरठ जेल में बंद ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’ प्रसव पीड़ा के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती, कड़ी सुरक्षा में चल रहा इलाज
मेरठ, उत्तर प्रदेश — चर्चित हत्या कांड की आरोपी मुस्कान, जिसे पूरे देश में ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’ के नाम से जाना गया, जल्द ही मां बन सकती है। जेल में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर उसे सोमवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी नॉर्मल डिलीवरी कराने का प्रयास कर रहे हैं। चिकित्सा टीम की निगरानी में उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
मुस्कान उस समय चर्चा में आई थी जब उसने अपने पति सौरव की हत्या कर शव को नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से पूरी तरह बंद कर दिया था। हत्या के बाद वह अपने प्रेमी साहिल के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने चली गई थी। लगभग 15 दिन बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुस्कान ने पूरे वारदात की जानकारी दी थी।
गर्भावस्था के दौरान जेल में उसका इलाज नियमित रूप से किया जाता रहा। मेडिकल टीम की सलाह के बाद प्रसव पीड़ा बढ़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में चौकसी और बढ़ा दी है।
अस्पताल प्रबंधन गर्भवती महिला कैदी के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। डिलीवरी के बाद उसे पुनः जेल या महिला संरक्षण गृह में स्थानांतरित करने को लेकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।


