रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित तंबाकू का जखीरा जब्त, ₹67,750 का माल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
चंद्रपुर महाराष्ट्र
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत
चंद्रपुर | 09 जुलाई 2026
पूरी खबर:-चंद्रपुर के रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध रूप से महाराष्ट्र शासन द्वारा प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹67,750 मूल्य का प्रतिबंधित तंबाकू जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके के नेतृत्व में पुलिस टीम को अवैध मादक पदार्थ एवं प्रतिबंधित वस्तुओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तौफीक करीम भीमानी (36 वर्ष) निवासी नूरी मस्जिद के पास, रहमतनगर, चंद्रपुर अपने घर में महाराष्ट्र शासन द्वारा प्रतिबंधित होला, ईगल एवं क्रेज ब्रांड की सुगंधित तंबाकू का अवैध भंडारण कर बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर 8 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:25 बजे पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित तंबाकू का बड़ा जखीरा बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत ₹67,750 आंकी गई। पुलिस ने मौके पर ही पूरा माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में रामनगर पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 905/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 223, 275 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन राखुंडे द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े एवं उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके, सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी नागवे, सहायक पुलिस निरीक्षक हनुमान उगले, पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णा दराडे तथा रामनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम ने संयुक्त रूप से सफलतापूर्वक अंजाम दी।


