योगी कैबिनेट की बैठक में 20 प्रस्तावों को मंजूरी
अयोध्या में विश्वस्तरीय मंदिर संग्रहालय के लिए जमीन टाटा एंड संस को हस्तांतरित
लखनऊ — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 20 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। सबसे अहम निर्णय के तहत अयोध्या में विश्वस्तरीय मंदिर संग्रहालय के निर्माण हेतु 52.102 एकड़ भूमि टाटा एंड संस को हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया है। यह संग्रहालय रामनगरी के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
कैबिनेट ने वाराणसी के सिगरा स्टेडियम को उच्च स्तरीय स्पोर्ट्स सुविधा में बदलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी, जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा प्रदेश के हर मंडल मुख्यालय पर दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों में दिव्यांगजनों को थेरेपी, प्रशिक्षण और आधुनिक पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


