सुकमा में नक्सल अभियान का असर : 48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, पांच महिला नक्सली भी शामिल
छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सरकार द्वारा जारी अल्टीमेटम का बड़ा प्रभाव दिखाई दे रहा है। लगातार बढ़ते दबाव और सुरक्षा बलों की सख्त कार्यवाही के बीच नक्सलियों में आत्मसमर्पण की लहर तेजी से जारी है। इसी क्रम में सुकमा जिले में कुल 15 कुख्यात नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिन पर कुल 48 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में चार ऐसे नक्सली शामिल हैं जिन पर प्रत्येक पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि दो नक्सलियों पर पांच लाख रुपये का इनाम था। बाकी अन्य सदस्यों पर भी विभिन्न मामलों में इनाम घोषित था।
इन सभी ने सुकमा जिला पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
आत्मसमर्पणकर्ताओं में पांच महिला नक्सली भी शामिल हैं, जो लंबे समय से प्रतिबंधित संगठन से जुड़े हुए थे और कई गंभीर घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सरकार की पुनर्वास नीति और सामाजिक जीवन में वापस लौटने के अवसर के कारण नक्सलियों में आत्मसमर्पण की दर लगातार बढ़ रही है।
सुकमा पुलिस ने इसे नक्सल उन्मूलन मिशन की बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि आने वाले समय में अभियान और अधिक तेज़ी से चलाया जाएगा ताकि क्षेत्र को पूर्ण रूप से नक्सल हिंसा से मुक्त किया जा सके।


