विदाई से ठीक पहले रहस्यमय तरीके से दुल्हन गायब, बिना दुल्हन के लौटानी पड़ी बारात
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे में शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं और विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दुल्हन पल्लवी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। परिवार और रिश्तेदारों ने कई घंटों तक तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
दुल्हन के अचानक लापता होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। काफी कोशिशों के बावजूद जब दुल्हन नहीं मिली, तो दूल्हा सुनील गौतम को मजबूरन बिना दुल्हन के ही बारात वापस लौटानी पड़ी। घटना से दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।
दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के परिजनों पर संदेह जताते हुए शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुल्हन की गुमशुदगी की सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


