ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी से बदसलूकी — DNR ट्रांसपोर्ट मालिक पर FIR, थार से कुचलने की कोशिश!
चंद्रपुर महाराष्ट्र
दिनांक:- १८ अक्टूबर २०२५
रिपोर्टर:- रमाकांत यादव रिड पब्लिक न्यूज़ भारत मिडिया नेटवर्क
पूरी खबर:- चंद्रपुर में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी से बदसलूकी और थार वाहन से कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद DNR ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक पर रामनगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला 16 अक्टूबर का है, जब धम्मचक्र अनुप्रवर्तन दिन के अवसर पर पूरे चंद्रपुर शहर में पुलिस विभाग के जवान और अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियों के दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए लाखों अनुयायी शहर में पहुंचे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी लगातार कई घंटों तक चप्पे-चप्पे पर डटे हुए थे।
इसी दौरान दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच प्रियदर्शनी चौक, यानी पोस्ट ऑफिस के पास पुलिस अधिकारी ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। उसी समय एक एम्बुलेंस मरीज लेकर निकलती है, जिसके लिए पुलिसकर्मियों ने रास्ता खाली किया। लेकिन इसी दौरान एक लाल रंग की महिंद्रा थार वहां पहुंची। सब-इंस्पेक्टर रोशन इरपाचे ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस अधिकारी को टक्कर मारने की कोशिश की।
वाहन में सवार व्यक्ति, जो खुद को DNR ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक बता रहा था, नीचे उतरा और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी से गाली-गलौज, बदसलूकी और धमकी दी। इस घटना की शिकायत सब-इंस्पेक्टर रोशन इरपाचे ने 17 अक्टूबर को रामनगर पुलिस थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी DNR ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक है। शहर में कंपनी से जुड़े कुछ कर्मचारियों के अनुशासनहीन व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार मामला पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार का होने के कारण गंभीर माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


